📰 पूरी खबर:

 

मनासा। ग्राम जालिनेर में जल जीवन निगम के तहत नल-जल योजना का कार्य कर रही DBL कंपनी के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच पूर्व में हुई कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर कुंडखेड़ा में जालिनेर के कुछ लोगों के साथ मारपीट की गई।

घटना के बाद अनुसूचित जनजाति के जिला अध्यक्ष लालसिंह भाटी के नेतृत्व में जालिनेर सहित आसपास के ग्रामीण थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद उनके साथ मारपीट की गई, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है।

जिला अध्यक्ष लालसिंह भाटी ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपने रोजमर्रा के काम से आने-जाने में डर का माहौल बना हुआ है। प्रशासन को समय रहते कार्रवाई कर गुंडागर्दी पर अंकुश लगाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना की स्थिति न बने।

ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है