📰 पूरी खबर:
मनासा। कुशवाह समाज मनासा द्वारा 6 सितंबर रविवार शाम 08 बजे कुशवाह धर्मशाला में सामूहिक सामाजिक पंचायत की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की। इस दौरान समाज को अधिक संगठित एवं मजबूत बनाने, सामाजिक एकता कायम रखने तथा समाज के विकास को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित समाजजनों की सहमति एवं सर्वसम्मति से जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें दिनेश कुशवाह को जिला अध्यक्ष, शिवलाल कुशवाह एवं कंवरलाल कुशवाह को जिला संयोजक एवं लखन कुशवाह को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं विशाल कुशवाह को जिला सचिव, तुलसीराम कुशवाह को जिला सहसचिव तथा विनोद कुशवाह को जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा के बाद समाजजनों ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया तथा साफा बांधकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके बाद बड़ी संख्या में युवाओं ने जय श्रीराम के जयघोष और आतिशबाजी के साथ धर्मशाला से कुशवाह समाज मंदिर तक उत्साहपूर्वक रैली निकाली। मंदिर पहुंचकर नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने ठाकुर जी के दर्शन किए। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने तथा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती उसकी एकता और संगठन में निहित होती है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। बैठक के अंत में समाज की एकता, संगठन एवं विकास के लिए सभी ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कुशवाह समाज के पटेल सुरेश कुशवाहएवं बड़ी संख्या में समाजजन ओर युवा साथी मौजूद रहे।