📰 पूरी खबर:
माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की मंशानुरूप युवाओं को समाज सेवा एवं व्यक्तित्व विकास से जोड़ने का अवसर
नीमच, 7 सितंबर 2026। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की मंशानुरूप प्रदेश के युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत् बीएसडब्ल्यू (समाजकार्य स्नातक) एवं एमएसडब्ल्यू (समाजकार्य स्नातकोत्तर) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
समाज सेवा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने तथा नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास के इच्छुक युवाओं के लिए यह एक उत्कृष्ट अवसर है। बीएसडब्ल्यू तीन वर्षीय पाठ्यक्रम है, जिसमें प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है तथा इसकी वार्षिक शुल्क राशि मात्र 4,500 रुपये है। वहीं एमएसडब्ल्यू दो वर्षीय पाठ्यक्रम में स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रवेश ले सकते हैं और इसकी वार्षिक शुल्क राशि 6,500 रुपये निर्धारित है।
इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज सेवा, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास एवं संचार कौशल विकसित करने के साथ-साथ ग्रामीण एवं शहरी समुदायों के बीच कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। प्रशिक्षण, कार्यशालाओं एवं सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज की आवश्यकताओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में कार्य करने का अवसर मिलेगा।
विशेष रूप से, नियमित कॉलेज अथवा नौकरी के साथ भी इन पाठ्यक्रमों को किया जा सकता है। कक्षाएं केवल रविवार को आयोजित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थी अपनी नियमित गतिविधियों के साथ अध्ययन जारी रख सकेंगे। फीस को दो आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध है तथा टीसी जमा करने की अनिवार्यता नहीं है।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित यह पहल प्रदेश के युवाओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 10 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन कर सकते हैं अथवा जिला पंचायत में प्रथम तल पर स्थित जन अभियान परिषद के कार्यालय में आकर प्रवेश प्राप्त कर सकते है एवं अधिक जानकारी के लिए मोबाईल नंबर 9424016964, 9755932053 पर संपर्क कर सकते है।
अतः जिले के समस्त पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र आवेदन कर इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाए.