📰 पूरी खबर:


प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, नवीन कार्यकारिणी का गठन
राजेन्द्र पाण्डे अध्यक्ष, किशन पुरोहित युवा प्रकोष्ठ प्रभारी एवं प्रियंका कविश्वर महिला प्रकोष्ठ संयोजिका मनोनीत


नीमच (निप्र)। श्रृंग ऋषि सिखवाल ब्राह्मण सामाजिक सेवा समिति, नीमच के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा एवं महर्षि श्रृंग ऋषि जयंती महोत्सव का आयोजन श्री भूतेश्वर मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि श्रृंग ऋषि के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक शिवकुमार शर्मा, रामेश्वर शर्मा, उपाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा एवं बालकृष्ण पाण्डे मंचासीन रहे। अतिथियों का पुष्पहार एवं उपरणा पहनाकर सम्मान किया गया।
समिति के पंजीयन के तीन वर्ष पूर्ण होने पर सर्वसम्मति से नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें राजेन्द्र पाण्डे को अध्यक्ष, अरुण जोशी को सचिव, राजमल व्यास को कोषाध्यक्ष, किशन पुरोहित को युवा प्रकोष्ठ प्रभारी तथा प्रियंका कविश्वर को महिला प्रकोष्ठ संयोजिका नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में गत वर्ष विभिन्न कक्षाओं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए 20 प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। साथ ही शिक्षा, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजजनों को भी प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेन्द्र पाण्डे ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में समाज की एकता, शिक्षा एवं युवा सशक्तिकरण पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन राजमल व्यास ने किया तथा अंत में अरुण जोशी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. गिरिराज शर्मा, कांतिलाल पुरोहित, सत्यनारायण शर्मा, राधेश्याम माण्मिया, बालकृष्ण पाण्डे, महासचिव गोविंद शर्मा, स्मृति शर्मा, सह सचिव परीक्षित उपाध्याय, शशि व्यास, उमाशंकर व्यास, संजय उपाध्याय, सुधीर कविश्वर, अमित श्रृंगी, दिनेश शर्मा, संजय पाण्डे, अनिल पाण्डे, राजेन्द्र पाण्डे (तिरुपति नगर) सहित महिला मंडल की मेघना जोशी, ज्ञानू व्यास, रेखा पाण्डे, बिंदिया पाण्डे, रितु पाण्डे, आरोही उपाध्याय, अनीता पाण्डे, कृष्णा शर्मा, मंजू शर्मा एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।