📰 पूरी खबर:
रतलाम। रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से प्रवेश (ट्रेसपासिंग), चलती ट्रेनों अथवा रेलवे परिसर में वीडियो/रील बनाने जैसी असुरक्षित गतिविधियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा "रेल के साथ खेल नहीं" नामक विशेष जन-जागरूकता अभियान प्रारंभ किया गया है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, रतलाम मंडल, श्री अमित प्रकाश मिश्र के निर्देशन में मंडल स्तर पर आरपीएफ कर्मियों की एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों एवं रेल यात्रियों को रेलवे सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक कर रही है।
इसी क्रम में आज रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट इंदौर के निरीक्षक श्री जीवन सिंह तंवर, उप निरीक्षक श्री रामपाल सिंह एवं अन्य आरपीएफ कर्मियों द्वारा लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन तथा इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को एकत्रित कर नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को रेल पटरियों को अनधिकृत रूप से पार न करने, रेलवे ट्रैक एवं परिसर में वीडियो अथवा रील न बनाने तथा रेलवे परिसर में चलते समय मोबाइल फोन पर बातचीत जैसी लापरवाहियों से बचने का संदेश दिया गया। साथ ही उन्हें बताया गया कि इस प्रकार की गतिविधियां रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दंडनीय अपराध हैं, जिनके लिए जुर्माना एवं कारावास दोनों का प्रावधान है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित यात्रियों को यह भी समझाया गया कि रेलवे देश की अमूल्य राष्ट्रीय संपत्ति है तथा प्रतिदिन लाखों नागरिक रेल यात्रा करते हैं। ऐसे में रेल परिसरों एवं रेल संचालन की सुरक्षा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। रेलवे सुरक्षा बल ने सभी यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने, स्वयं सुरक्षित रहने तथा अन्य लोगों को भी सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।