📰 पूरी खबर:

 

झातला (श्रवण सेन) । जावद विधानसभा क्षेत्र के झातला गिरड में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों और युवाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध जताते हुए कहा कि आए दिन लोड सेटिंग के नाम पर घंटों बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे किसानों, विद्यार्थियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर आकर उनसे चर्चा नहीं करेंगे, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे। उनका कहना है कि जिस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा (सोलर) परियोजनाएँ स्थापित हैं और जहां से बिजली का उत्पादन हो रहा है, उसी क्षेत्र के लोगों को सबसे अधिक बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है। किसानों की जमीन सोलर प्लांटों के लिए चली गई, लेकिन क्षेत्र के लोगों को नियमित बिजली भी नहीं मिल पा रही है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कई घंटों तक बिजली बंद रही। इसके बाद ग्रामीणों की उच्च अधिकारियों से बातचीत हुई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में लोड सेटिंग की समस्या को लेकर उच्च स्तर पर चर्चा कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे, ताकि बार-बार होने वाली बिजली कटौती से लोगों को राहत मिल सके। आश्वासन मिलने के बाद कई घंटे तक बिजली बंद रहने के पश्चात बिजली आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी बिना उचित कारण के बार-बार बिजली कटौती जारी रही, तो वे फिर से आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।