📰 पूरी खबर:
बिजौलिया.बिजौलिया पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शादी का झूठा वादा कर दुष्कर्म करने के मामले में पिछले नौ माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी चित्तौड़गढ़ से की गई है।
थानाधिकारी स्वागत पाण्डया ने बताया कि पुलिस थाना बिजौलिया में दर्ज दुष्कर्म के एक प्रकरण में आरोपी रोडू बंजारा (46) पुत्र सुल्तान बंजारा निवासी गोरधनपुरा, थाना बिजौलिया लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी ने पीड़िता को शादी का झूठा आश्वासन देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। मामले में लगातार फरार रहने पर जिला पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा ने आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
आरोपी की तलाश के लिए डीएसटी के सहायक उपनिरीक्षक सत्यनारायण एवं कांस्टेबल राधेश्याम ने सूचना और लगातार पीछा करते हुए आरोपी को चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी में डीएसटी के दोनों पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।