📰 पूरी खबर:



 बिजौलियाँ। बिजौलियां कस्बे के देव डूंगरी स्थित देव नारायण मंदिर परिसर में प्रस्तावित बंक्या माताजी मन्दिर निर्माण को लेकर पिछले 3 दिनों से दो पक्षों में चल रहे विवाद के बीच सर्व समाज के आह्वान पर मंगलवार को बिजौलियां कस्बे के बाजार  सुबह से दोपहर 12 बजे तक बंद रहे।वहीं सर्व समाज ने रैली निकाल कर मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर सार्वजनिक धार्मिक स्थल देवनारायण मन्दिर की राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष जाँच एवं सीमांकन करवाए  जाने की मांग की।ज्ञापन में बताया कि  सार्वजनिक धार्मिक स्थल देव नारायण मंदिर प्राचीन काल से सर्व समाज की आस्था का केंद्र रहा है। यहां  समय-समय पर सर्व समाज के सहयोग एवं जनसहभागिता से निर्माण,विकास एवं जीर्णोद्धार के कार्य करवाए गए है। यह स्थल किसी वर्ग विशेष का न होकर सर्व समाज का सार्वजनिक धार्मिक स्थल है। भगवान देवनारायण मंदिर में नियमित सेवा-पूजा की व्यवस्था हेतु तत्कालीन राजपरिवार द्वारा सुरतानिया जोशी परिवार को सेवायत (पुजारी) के रूप में नियुक्त किया गया था। उक्त नियुक्ति केवल पूजा-अर्चना एवं धार्मिक सेवाओं के निर्वहन के लिए थी।ज्ञापन में आरोप लगाया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा उक्त सार्वजनिक धार्मिक स्थल एवं उससे संबंधित भूमि पर निजी अधिकार स्थापित करने  का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही माता बंक्या रानी के मंदिर के निर्माण में भी अनावश्यक बाधा उत्पन्न की जा रही है।  एसडीएम स्वाति झा ने सभी से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए बताया कि राजस्व अभिलेखों की  जांच के आधार पर अग्रिम कार्यवाही   की जाएगी।वहीं किसी भी नए निर्माण के लिए जिला कलक्टर से अनुमति लेना आवश्यक होगी।