📰 पूरी खबर:

नीमच। जिले के प्रतिष्ठित एवं एकमात्र ए-ग्रेड उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस), नीमच में विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी सौगात मिली है। विधायक दिलीप सिंह परिहार, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विश्व देव शर्मा तथा प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा के सतत प्रयासों से इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीए (MBA) एवं एमसीए (MCA) पाठ्यक्रम प्रारंभ कर दिए गए हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने बताया कि दोनों पाठ्यक्रमों के संचालन हेतु अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE), नई दिल्ली द्वारा 60-60 सीटों की स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन से भी इन पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए संबद्धता प्राप्त हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सीटों की संख्या सीमित होने के कारण प्रवेश मेरिट के आधार पर दिया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी वाणिज्य संकायाध्यक्ष डॉ. सी.पी. पंवार से संपर्क कर सकते हैं।