📰 पूरी खबर:

 

नीमच। विश्‍व साइकिल दिवस के उपलक्ष्‍य में 7 जून को ग्रुप केंद्र, सीआरपीएफ नीमच द्वारा भारत सरकार के “फिट इंडिया मूवमेंट” अभियान के अंतर्गत फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस साइकिल रैली का शुभारंभ नीमच परिसर में स्थित मेहता स्टेडियम से प्रमोद कुमार साहू कमांडेंट ग्रुप केंद्र नीमच द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस साइकिल रैली में सीआरपीएफ नीमच स्थित सीटीसी नीमच, ग्रुप केन्द्र नीमच, रेंज नीमच, आरटीसी नीमच, संयुक्त अस्पताल नीमच, प्रथम बटालियन तथा 4 सिग्नल बटालियन के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक एवं सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शारीरिक फिटनेस बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया। यह रैली मेहता स्टेडियम से शुरू होकर मास्‍टर कैंटीन, मेंन्‍स क्‍लब, संयुक्‍त अस्पताल, सरदार गेट, रतन स्‍वीट्स चौराहा, गर्ल्स कॉलेज, पी.एम. श्री केन्द्रीय विद्यालय, मेहता गेट, आर.टी.सी. गेट, पी.ओ.पी. ग्राउण्‍ड होते हुए शॉपिंग काम्‍पलेक्‍स पहुंची।  शैलेंद्र थोरेचा उप कमांडेंट ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच को इस रैली के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों द्वारा सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई तथा उन्हें भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।