📰 पूरी खबर:

 

नीमच।जिला ताइक्वांडो एवं कराटे संघ, नीमच के तत्वावधान में एसोसिएशन कार्यालय पर भव्य डेमो फाइटिंग एवं बेल्ट सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रतनलाल निर्वाण ने की, जबकि संचालन ताइक्वांडो के मुख्य निर्देशक एवं सचिव जयप्रकाश लोधा ने किया। रेफरी की भूमिका कु. भूमिका गोयल एवं ब्लैक बेल्ट सूरज सिंह ने निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद जय भीम के नारों के बीच बालक-बालिकाओं ने आत्मरक्षा और ताइक्वांडो फाइट का शानदार प्रदर्शन किया,जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।समारोह में खेल और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई हस्तियों का शाल, श्रीफल और माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। इनमें अंबेडकर स्टैच्यू की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ समाजसेवी रमेश कदम, पश्चिम रेलवे के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी एवं बेस्ट स्कोरर रहे सेवानिवृत्त मुख्य टिकट निरीक्षक प्रहलाद अहीर, समाजसेवी रामू राम डागर, एस.सी./एस.टी. एसोसिएशन नीमच ब्रांच के नवागत अध्यक्ष लेखराज वर्मा, ए.सी. वर्मा, मूक-बधिर एवं विकलांग संघ के प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर धोबावत तथा भोपाल से आए कराटे कोच अमन पतरे शामिल रहे।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का खेलों में आगे बढ़ना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार की ओर से सीधे नौकरी के अवसर भी मिल रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष रतनलाल निर्वाण ने खिलाड़ियों के लिए खेल किट उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर एसपी ने सकारात्मक सहमति देते हुए सोमवार को कार्यालय आने का आमंत्रण दिया और स्पोर्ट्स कोटे से किट उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा कुल 24 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेल्ट एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। ब्लैक बेल्ट प्राप्त करने वालों में मेघना सिंह जुरेल और मोक्षिता जैन शामिल रहीं। वहीं ब्लू, ग्रीन और येलो बेल्ट श्रेणी में भी कई खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों एवं संघ पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया।