📰 पूरी खबर:
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी चौकी के आगे जद्दू बगहा के पास रविवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से डंपर चालक सिप्पू यादव (25) की मौत हो गई। जालौन जिले के कदौरा थाना क्षेत्र के रैला अलीपुर निवासी सिप्पू कबरई से गिट्टी लादकर मनॉवा-सरकंडी संपर्क मार्ग निर्माण के लिए आया था।
बताया गया कि डंपर से उतरकर वह सड़क किनारे मिट्टी के ढेर पर चढ़कर फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान नीचे लटक रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे मुंशी राहुल मिश्रा ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी सराय खालिस पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। सिप्पू चार-पांच वर्षों से डंपर चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी हाल में शादी भी तय हुई थी। कार्यवाहक थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेंद्र माथुर ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।