📰 पूरी खबर:
कटक । ओडिशा के कटक में एक गैर सरकारी बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर मनोज कुमार साहू के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि लोन और बैंक खाते से जुड़े विवाद के बाद कुछ युवकों ने उन्हें घर से बाहर बुलाकर अगवा कर लिया। इसके बाद बालेश्वर ले जाकर बंधक बनाया और मारपीट की। आरोपियों ने उनकी पत्नी से रिहाई के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
मनोज के अचानक लापता होने के बाद उनकी पत्नी ममता साहू ने मधुपटना थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच में पुलिस को मनोज के मोबाइल की लोकेशन बालेश्वर में मिली। इसी दौरान आरोपियों ने फोन कर फिरौती की मांग की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बालेश्वर से मनोज को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने मामले में बालेश्वर जिले के बस्ता थाना क्षेत्र के गंभारी निवासी रामचंद्र दास और सिंगला थाना क्षेत्र के राजकुमार साहू को गिरफ्तार किया है। दोनों को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मनोज कटक के जगतपुर स्थित एक गैर सरकारी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर हैं। उनका पैतृक घर पुरी जिले के गोप इलाके में है और वर्तमान में वह परिवार के साथ मधुपटना थाना क्षेत्र के दरखापाटना में रहते हैं। पुलिस अब अपहरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही लोन और बैंक खाते से जुड़े विवाद तथा 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के पीछे की पूरी वजह की जांच की जा रही है।