📰 पूरी खबर:

 

मनासा। नगर के रामपुरा रोड स्थित टाटा शोरूम के पास एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में अज्ञात बदमाश ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना 12 सितंबर की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। बदमाश दुकान से करीब 4 हजार रुपए नकद और 3-4 ब्लूटूथ एफएम स्पीकर सहित अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान ले गया।

दुकान संचालक मांगीलाल (39) पिता रामनिवास मेघवाल, निवासी हरकियाखाल हाल मुकाम मनासा, रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह दुकान का ताला टूटा मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तड़के करीब 4:05 बजे एक संदिग्ध दुकान के अंदर काउंटर और रैक से सामान समेटता दिखाई दे रहा है। पीड़ित की शिकायत पर मनासा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी पहचान और तलाश शुरू कर दी है।