📰 पूरी खबर:
भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मेले 'आईटीबी एशिया 2026' में मध्यप्रदेश पवेलियन देश-विदेश के प्रतिनिधियों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पका अंबुले ने सिंगापुर के मरीना बे सैंड्स स्थित सैंड्स एक्सपो एंड कन्वेंशन सेंटर में मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी., विभागीय अधिकारी तथा वैश्विक पर्यटन उद्योग के प्रमुख स्टैकहोडर्स उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश पवेलियन को राज्य की समृद्ध विरासत, संस्कृति, प्रचुर वन्यजीव, आध्यात्म, वेलनेस और सतत पर्यटन (सस्टेनेबल टूरिज्म) की थीम पर आकर्षक रूप से सजाया गया है। यहाँ आने वाले अंतर्राष्ट्रीय आगंतुक वर्चुअल रियलिटी (VR) तकनीक के जरिए मध्यप्रदेश के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का जीवंत अनुभव ले रहे हैं। इसके साथ ही, पारंपरिक आतिथ्य सत्कार के तहत परोसे जा रहे जीआई टैग प्राप्त मुरैना की मशहूर गजक और रतलामी सेव का अनूठा स्वाद भी विदेशी मेहमानों को खूब लुभा रहा है।
यह तीन दिवसीय प्रतिष्ठित पर्यटन मेला 23 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की टीम सिंगापुर और दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स और निवेशकों के साथ लगातार बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकें कर रही है। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय यात्रा पैकेजों और आईटिनररी में मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों को प्रमुखता से शामिल कराना और राज्य में पर्यटन निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
इस अंतर्राष्ट्रीय सहभागिता से एशियाई आउटबाउंड टूरिज्म बाजार की प्राथमिकताओं और नए रुझानों को समझने में मदद मिलेगी। इससे भविष्य के लिए एक मजबूत मार्केटिंग रणनीति तैयार होगी, जिससे मध्यप्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय पटल पर एक प्रमुख यात्रा गंतव्य के रूप में पहचान मिलेगी और राज्य में विदेशी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।