📰 पूरी खबर:
उदयपुर.उदयपुर से डबोक एयरपोर्ट तक संचालित एसी ईवी बसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे हैं। फ्लाइट शेड्यूल के अनुसार चलने वाली चार बसों को एयरपोर्ट से मुश्किल से 10 से 15 यात्री ही मिल पा रहे हैं। करीब 52 किलोमीटर की एयरपोर्ट यात्रा के साथ धोलकी पाटी तक अतिरिक्त संचालन के कारण एक बस को लगभग 65 किलोमीटर चलना पड़ता है। ऐसे में केवल फ्लाइट यात्रियों के भरोसे संचालन खर्च निकालना चुनौती बन गया है। यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए उदयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड ने अब बीच रास्ते से भी सवारियां बैठाना शुरू कर दिया है। इससे यात्री भार बढ़ने और संचालन खर्च निकालने में मदद मिल रही है। शहर में 34 ईवी और 24 लाल सिटी बसें संचालित हैं, जिनमें से चार एसी बसें एयरपोर्ट टर्मिनल तक जाती हैं। वहीं, एयरपोर्ट के लिए 12 निजी गाड़ियों को परमिट मिलने से यात्रियों के पास विकल्प बढ़े हैं और बसों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।