📰 पूरी खबर:
21 दिसंबर को पहुंचेगी नीमच,651 धर्म ध्वजाओं के साथ होगा भव्य स्वागत,फरवरी में विभिन्न सामाजिक आयोजनों के साथ जयंती वर्ष का होगा समापन*
नीमच। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य आयोजन समिति जिला नीमच द्वारा जिले में वृहद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजनों का मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों, जीवन दर्शन और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
मंगलवार को नीमच स्थित परशुराम मंदिर में प्रेस वार्ता के दौरान जिला संयोजक पंडित शैलेश जोशी ने आगामी आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि नवंबर माह में सर्व हिंदू समाज की संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच संत रविदास जी के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान पर व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।
नवंबर माह के अंत में एक वृहद सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों तथा सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले वरिष्ठजनों का सम्मान किया जाएगा। दिसंबर माह में धम्माचार्यों एवं कथा वाचक संतों के माध्यम से संत रविदास जी के जीवन परिचय और उनके विचारों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।इस दौरान 14 नवंबर को सर्व समाज की वृद्ध बैठक आयोजित होगी, उसके बाद विद्यालय और महाविद्यालय में रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित होंगे, 28 नवंबर को सामाजिक संगोष्ठी का आयोजन होगा, एक से 10 दिसंबर तक संत रविदास जी की महिमा का वर्णन जैसे आयोजन होंगे।
*21 दिसंबर को नीमच पहुंचेगी सामाजिक समरसता यात्रा*
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण चित्तौड़गढ़ से प्रारंभ होने वाली सामाजिक समरसता यात्रा रहेगी, जो 21 दिसंबर 2026 को नीमच जिले में पहुंचेगी। नगर में यात्रा के आगमन पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर 651 धर्म ध्वजाओं के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। इन धर्म ध्वजाओं का पूजन नीमच नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के धार्मिक स्थलों एवं सर्व समाज के लोगों द्वारा किया जाएगा। इसके बाद सभी धर्म ध्वजाएं शोभायात्रा में शामिल होंगी। यात्रा का समापन नीमच नगर में आयोजित विशाल धर्मसभा के रूप में होगा।यह समरसता यात्रा चित्तौड़गढ़ से प्रारंभ होकर नीमच सहित विभिन्न जिलों से गुजरते हुए धार जिले के कांकड़ा खोह पहुंचेगी, जहां धर्मसभा के साथ यात्रा का समापन होगा।
*फरवरी में होगा जयंती वर्ष का समापन*
आयोजन समिति के अनुसार जनवरी माह में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा हिंदू समाज के बीच विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं फरवरी माह में संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष का समापन सर्व समाज की सहभागिता से होगा। इस दौरान चित्रकला प्रदर्शनी, समरसता भोज सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान सर्व समाज के प्रतिनिधि प्रहलाद राय गर्ग, रामलाल गोहर, दशरथ खारोल, श्रवण नायक,सह प्रचार प्रमुख सीके शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।