📰 पूरी खबर:
नीमच.मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखण्ड मनासा द्वारा ग्राम पडदा के पंचायत भवन पर नवांकुर संस्था, प्रस्फुटन समितियों एवं परामर्शदाताओं की मासिक बैठक का आयोजन किया गया।बैठक का शुभारंभ जिला समन्वयक श्री नवनीत रत्नाकर, दीनदयाल मंडल अध्यक्ष श्री कैलाश पुरोहित, कुशाभाऊ ठाकरे मंडल अध्यक्ष श्री विजय शर्मा, ग्राम पंचायत कचोली सरपंच श्री मदनलाल उपाध्याय एवं ग्राम पंचायत पडदा सरपंच श्री सुभाष श्रीमाल की उपस्थिति में माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।विकासखण्ड समन्वयक श्री महेन्द्रपाल सिंह भाटी ने सभी अतिथियों का स्वागत कर बैठक के उद्देश्य एवं रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला समन्वयक श्री नवनीत रत्नाकर द्वारा विगत माह में संपन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई एवं आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार की गई।अपने उद्बोधन में दीनदयाल मण्डल अध्यक्ष श्री कैलाश पुरोहित ने कहा कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा ग्राम विकास, समाज कल्याण और आत्मनिर्भरता के लिए जमीनी स्तर पर जो कार्य किए जा रहे हैं, वे अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्फुटन समितियाँ गाँव की आत्मा हैं और यदि युवा, महिला और वरिष्ठ जन मिलकर कार्य करें तो गाँव को आदर्श गाँव बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी नवांकुर संस्थाओं से आह्वान किया कि शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।कुशाभाऊ ठाकरे मण्डल अध्यक्ष श्री विजय शर्मा ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि प्रस्फुटन समितियों को केवल बैठक तक सीमित न रहकर ग्राम में स्वच्छता, नशामुक्ति, जल संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राम के विकास के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर जन-भागीदारी से कार्य करने पर ही स्थायी परिणाम मिलेंगे।ग्राम पंचायत कचोली के सरपंच श्री मदनलाल उपाध्याय ने कहा कि जन अभियान परिषद के माध्यम से पंचायत और समाज के बीच समन्वय बेहतर हुआ है। समितियाँ यदि पंचायत के साथ मिलकर कार्य करेंगी तो विकास कार्यों में गति आएगी।ग्राम पंचायत पडदा के सरपंच श्री सुभाष श्रीमाल ने कहा कि पडदा में प्रस्फुटन समितियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों से गाँव में सकारात्मक वातावरण बना है। उन्होंने समाज कल्याण, पर्यावरण संरक्षण एवं संस्कार आधारित गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। बैठक में नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य एवं परामर्शदाता उपस्थित रहे। बैठक का संचालन नवांकुर संस्था प्रमुख श्री भगवती प्रसाद सोनी ने किया तथा आभार श्री प्रहलाद धनगर द्वारा व्यक्त किया गया।