📰 पूरी खबर:

उदयपुर.उदयपुर के बलीचा तिराहे को अब जयपुर के प्रसिद्ध स्टेच्यू सर्कल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। करीब 6.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट के तहत तिराहे को अंडाकार आकार दिया जाएगा। इसके लिए री-इंजीनियरिंग कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना है। परियोजना को जनवरी के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम आयुक्त ने रविवार को शहर में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इनमें पारस तिराहे का फ्लाईओवर, बलीचा तिराहा, जड़ाव नर्सरी से कलड़वास तक सड़क और प्रतापनगर से देबारी एलिवेटेड रोड शामिल हैं। पारस तिराहे पर 42 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 500 मीटर लंबे फ्लाईओवर का करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसे नए साल में यातायात के लिए खोलने की तैयारी है। वहीं, जड़ाव नर्सरी से कलड़वास तक सड़क फोरलेन बन चुकी है। आयुक्त ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए।