📰 पूरी खबर:
कुकड़ेश्वर. ग्राम शिवपुरिया में 04 खेतों में अवैध गांजे की खेती का खुलासा, लगभग ₹2 करोड़ 79 लाख 50 हजार मूल्य के 51 हजार हरे पौधे, कुल 27.95 क्विंटल गांजा जब्त*
*ड्रोन एवं भौतिक सर्चिंग के माध्यम से पुलिस की संयुक्त टीमों ने की कार्रवाई, भूमि स्वामियों एवं अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत 04 प्रकरण दर्ज*
माननीय मुख्यमंत्री महोदय एवं माननीय पुलिस महानिदेशक महोदय मध्य प्रदेश द्वारा अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी एवं कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक महोदय, उज्जैन जोन उज्जैन, उप पुलिस महानिरीक्षक महोदय, रतलाम रेंज रतलाम एवं पुलिस अधीक्षक महोदय नीमच श्री राजेश व्यास के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक महोदय नीमच श्री राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर उप निरीक्षक मंगल सिंह राठौड़ के नेतृत्व नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कुकड़ेश्वर क्षेत्र के ग्राम शिवपुरिया के दूरस्थ पठारी एवं जंगल क्षेत्र में 04 अलग-अलग खेतों में की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई के दौरान लगभग 02 करोड़ 79 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के करीब 51 हजार हरे गांजे के पौधे, कुल वजन 27.95 क्विंटल, जब्त किए हैं। मामले में संबंधित भूमि स्वामियों एवं अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत कुल 04 अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अपराध समीक्षा बैठकों एवं समय-समय पर आयोजित होने वाली आरटी कॉल के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध खेती के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखने तथा ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध क्षेत्रों की सर्चिंग कर अवैध गतिविधियों का पता लगाने के निर्देश दिए गए थे।
अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध नीमच पुलिस की कार्रवाई जारी- नीमच पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती, भंडारण, परिवहन एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दुर्गम, पठारी एवं वन क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक तथा पुलिस बल की प्रत्यक्ष सर्चिंग के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा सके। इसी तारतम्य में दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को एसडीओपी मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी के नेतृत्व में थाना कुकड़ेश्वर, थाना मनासा एवं थाना रामपुरा के पुलिस बल की चार अलग-अलग संयुक्त टीमें गठित की गईं। इन टीमों को ग्राम शिवपुरिया के जंगल, दूरस्थ पठारी क्षेत्र एवं खेतों में गांजे की अवैध खेती की सर्चिंग हेतु रवाना किया गया। पुलिस टीमों द्वारा ड्रोन की सहायता से हवाई निगरानी करने के साथ-साथ मौके पर पहुंचकर भौतिक रूप से सर्चिंग की गई। इस दौरान चार अलग-अलग खेतों में पत्थरों की ऊंची कोट तथा मक्का की फसल की आड़ में गांजे की अवैध खेती किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस टीमों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए गांजे के हरे पौधों को जब्त किया तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
*चार टीमों की कार्रवाई में जब्त गांजे का विवरण*
प्रथम टीम: 10.10 क्विंटल गांजे के गीले हरे पौधे जब्त किए।
द्वितीय टीम: 06.55 क्विंटल गांजे के गीले हरे पौधे जब्त किए।
तृतीय टीम: 03.55 क्विंटल गांजे के गीले हरे पौधे जब्त किए।
चतुर्थ टीम: 07.75 क्विंटल गांजे के गीले हरे पौधे जब्त किए।
*इस प्रकार चारों टीमों द्वारा संयुक्त कार्रवाई में लगभग 51 हजार गांजे के हरे पौधे, कुल वजन 27.95 क्विंटल तथा अनुमानित मूल्य ₹2 करोड़ 79 लाख 50 हजार के मादक पदार्थ को जब्त किया गया। मामले में कुल 04 अपराध पंजीबद्ध कर संबंधित भूमि स्वामियों एवं अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।*
*सराहनीय योगदान*-उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर, थाना प्रभारी मनासा, थाना प्रभारी रामपुरा एवं तीनों थानों के पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
*नीमच पुलिस की अपील*: मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने के लिए नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करें। मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान में सहयोग करें।