📰 पूरी खबर:

 

मनासा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा तहसील मनासा के ग्राम बर्डिया स्थित ग्राम पंचायत भवन में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में गोमाबाई नेत्रालय, नीमच का सहयोग रहा।

शिविर में गोमाबाई नेत्रालय के चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा ग्राम बर्डिया के कुल 124 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान 14 लोगों को मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए चिह्नित किया गया, वहीं 27 लोगों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए।

शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुलभ एवं निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की जनकल्याणकारी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती शोभना मीणा, पैरालीगल वॉलंटियर्स श्री हितेश जैन एवं श्री कमलाशंकर कारपेंटर, ग्राम पंचायत सचिव श्री बंशीदास बैरागी, सरपंच प्रतिनिधि श्री कमल डाबर, गोमाबाई नेत्रालय के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर श्री सुरेश रैदास, पैरामेडिकल स्टाफ एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।