📰 पूरी खबर:


 मनासा।  मनासा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस ने बिजली कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री मंगेश संघई ने बिजली कंपनी को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि इस अवधि में कटौती बंद नहीं हुई तो युवा कांग्रेस ग्रामीणों और किसानों के साथ मंदसौर रोड स्थित मनासा ग्रिड का घेराव करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि दिन और रात में बार-बार लोड शेडिंग के नाम पर बिजली काटी जा रही है, जिससे आमजन के साथ किसानों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
संघई ने कहा कि 24 घंटे बिजली देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोगों को अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। एक ओर उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिजली बिल दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस और लोड शेडिंग के नाम पर बार-बार बिजली बंद की जा रही है। प्रदेश में बिजली कटौती के बीच अन्य प्रदेशों को बिजली बेचने को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए।
आयल चोरी के बाद ट्रांसफार्मर बदलने में देरी का आरोप
कांग्रेस नेता ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों पर सिंचाई के लिए लगे ट्रांसफार्मरों से आए दिन ऑयल चोरी होने का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी होने के बाद बिजली कंपनी समय पर ट्रांसफार्मर नहीं बदल रही है। वर्तमान में किसान खेतों में सिंचाई कर रहे हैं, ऐसे में ट्रांसफार्मर खराब होने से उनकी परेशानी बढ़ रही है। संघई ने यह भी आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर कुछ कर्मचारी किसानों से अवैध वसूली कर रहे हैं।
ट्रांसफार्मर परिवहन राशि में गड़बड़ी का आरोप
संघई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब या जलने पर किसानों को उसे मनासा अथवा संबंधित बिजली कार्यालय तक लाना पड़ता है। नियमानुसार ट्रांसफार्मर के परिवहन पर दूरी के आधार पर राशि दिए जाने का प्रावधान है, लेकिन उनके अनुसार कई किसानों को अब तक यह राशि नहीं मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवहन राशि के भुगतान में भी बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी स्तर पर गड़बड़ी की जा रही है।
राज्यपाल के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
कांग्रेस नेता ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर की परिवहन राशि का मुद्दा उठाते हुए एसडीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि तीन दिन में बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो युवा कांग्रेस किसानों और ग्रामीणों के साथ मनासा ग्रिड का घेराव करेगी।