📰 पूरी खबर:

 

उदयपुर। नगर निगम उदयपुर द्वारा शहर में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार दूसरे दिन भी सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया। महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर नगर निगम की अतिक्रमण शाखा द्वारा अल सवेरे से ही अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की गई, जो सायंकाल तक जारी रही। कार्रवाई के दौरान शहर के प्रमुख व्यस्त मार्गों एवं पर्यटन स्थलों पर सड़क सीमा में किए गए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमणों को हटाकर आमजन एवं वाहन चालकों को राहत प्रदान की गई।
निगम महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि नगर निगम अतिक्रमण शाखा की टीम ने गुरुवार को सूरजपोल से सारंग मार्ग, आइस फैक्ट्री, शेरवाली फाटक, पीडब्ल्यूडी ऑफिस, कालाजी गोराजी चौराहा, रंगनिवास चौराहा, भटियाणी चौहट्टा से जगदीश चौक तक व्यापक कार्रवाई की। इन सभी क्षेत्रों में सड़क सीमा एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क एवं फुटपाथ पर लगाए गए ठेले, स्थायी एवं अस्थायी निर्माण तथा अन्य प्रकार के अतिक्रमणों को हटाने के साथ ही नियम विरुद्ध लगाए गए साइनबोर्ड आदि को भी जब्त किया गया।
महापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट कहा कि उदयपुर शहर की सुंदरता, यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शहर में किसी भी स्थान पर स्थायी अथवा अस्थायी अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उदयपुर में पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है और बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक शहर में पहुंचते हैं। अतिक्रमण के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित होता है और पर्यटकों एवं आमजन को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। इससे शहर की छवि प्रभावित होती है।
महापौर ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण का खामियाजा पूरे शहर और आमजन को भुगतना पड़ता है। ऐसे में नगर निगम द्वारा सार्वजनिक मार्गों, चौराहों एवं पर्यटन स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी जहां कहीं अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
महापौर ने फिर की शहरवासियों से अपील।
महापौर पारस सिंघवी ने शहरवासियों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और सड़क सीमा पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा नगर निगम की कार्रवाई में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुगम बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक शहरवासी की भी है। उन्होंने कार्रवाई के दौरान सभी से कानून अपने हाथ में नहीं लेने तथा निगम की कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है। महापौर सिंघवी ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। 
गुरूवार को संपन्न हुई कार्रवाई के दौरान नगर निगम राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन, राहुल मीणा सहित भारी पुलिस जाब्ता ,अतिक्रमण शाखा के कार्मिक एवं टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।