📰 पूरी खबर:

मनासा.मनासा में 11 वर्षीय बालक की उपचार के दौरान मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद परिजनों ने पुराने शासकीय अस्पताल के सामने धरना दिया। धरने के बाद प्रशासन द्वारा संबंधित क्लीनिक को सील किया ।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भाटखेड़ी निवासी धर्मपाल पिता मंगल किर उम्र 11 वर्ष को बीती शाम आंखों में जलन के साथ हल्की सर्दी-जुकाम की शिकायत थी।परिजन उपचार के लिए उसे मनासा स्थित डॉ. सुनील पाटीदार के क्लीनिक पर लेकर पहुंचे थे। बालक के भाई तेजकरण किर और उसकी माताजी भी उसके साथ थीं।

परिजनों के अनुसार, क्लीनिक में डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद अचानक धर्मपाल के मुंह से झाग निकलने लगा और उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद बालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से शासकीय अस्पताल ले जाने की बात सामने आई। शासकीय अस्पताल में चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया।

बालक की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने शासकीय अस्पताल पीएम रूम के सामने सड़क पर धरना देते हुए संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई तथा परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान हुई इस घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।सूचना पर थाना प्रभारी ,नायाब तहसीलदार ,ब्लॉक मेडिकल अधिकारी मौके पर पहुंचे और उचित कार्यवाही का आश्वासन परिजनों को दिया उसके बाद धरना समाप्त कर परिजन पीएम के लिए राजी हुए ,जिसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया ।

धरने के बाद प्रशासन ने शीतल बाग उषागंज कालोनी स्थित निजी क्लीनिक को सील कर दिया ओर मौके पर पंचनामा बनाया।थाना प्रभारी हिमांशु चौहान ने कहा कि बालक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मामले को लेकर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर साजिद अंसारी ने बताया कि संबंधित डॉक्टर CHO के पद पर पदस्थ हैं और उन्हें निजी क्लीनिक संचालित करने की अनुमति नहीं है। BMO के अनुसार, प्रशासन द्वारा संबंधित क्लीनिक को सील कर दिया गया है। साथ ही मामले की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल बालक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद स्पष्ट होगा। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।