📰 पूरी खबर:
नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नीमच की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने में सहायक सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं डेमो दिया गया।प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को अचानक हृदय गति रुकने जैसी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने तथा प्राथमिक चिकित्सा के महत्व की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्र में लगभग 1500 विद्यार्थी एवं 32 शिक्षक शामिल हुए।
इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों ने मानव सेवा, सहयोग एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने की सामूहिक प्रतिज्ञा भी ली। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्रदान करने की क्षमता विकसित करना रहा।