📰 पूरी खबर:

 

नीमच । सर्व ब्राह्मण समाज कल्याण समिति एवं विप्र सेना महिला इकाई नीमच के तत्वावधान में मंगलवार को शहर में कलश यात्रा निकाली गई। सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था और सद्भाव का संदेश देती इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कलश यात्रा के साथ ही पंचवटी कॉलोनी स्थित बड़े वाले परशुराम धाम में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा का प्रारंभ सुबह फव्वारा चौक स्थित महर्षि वाल्मिकी प्रतिमा चौराहे से हुआ। यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर सहभागिता की। आयोजकों द्वारा कलश धारण करने वाली महिलाओं को कलश उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। यात्रा फव्वारा चौक, बारादरी, बड़े बालाजी मंदिर, नया बाजार, घंटाघर, तिलक मार्ग, जाजू बिल्डिंग, बावड़ी वाले बालाजी मंदिर एवं अग्रसेन वाटिका सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पंचवटी कॉलोनी स्थित बड़े वाले परशुराम धाम पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव से ओत-प्रोत नजर आए। जगह-जगह कलश यात्रा का स्वागत किया गया। भजन-कीर्तन और धार्मिक जयघोष से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा के परशुराम धाम पहुंचने पर विधि-विधान के साथ धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। 
 
भागवत कथा के प्रथम दिन नया बाजार स्थित बड़े बालाजी मंदिर में पोथी पूजन का आयोजन किया गया। इसके साथ ही कथा वाचक पं. रोहित नागर का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। इसके बाद परशुराम धाम में सात दिवसीय भागवत ज्ञान गंगा का शुभारंभ हुआ। पंचवटी कॉलोनी स्थित बड़े वाले परशुराम धाम में 1 से 7 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा का वाचन पं. रोहित नागर अपने सुमधुर एवं कर्णप्रिय वाणी में कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार पं. रोहित नागर अंतरराष्ट्रीय संत रामभद्राचार्यजी के शिष्य एवं बागेश्वर धाम के पं. धीरेन्द्र शास्त्री के गुरुभाई हैं। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से श्रीमद्भागवत का संदेश दिया जाएगा। आयोजन के दौरान पं. रोहित नागर द्वारा पर्चा खोलने का कार्यक्रम भी रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष उमेश शर्मा, विप्र सेना महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष अपेक्षा शर्मा, जिलाध्यक्ष निधि शर्मा, कलश यात्रा प्रभारी संगीता शर्मा सहित समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से सात दिवसीय भागवत कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।