📰 पूरी खबर:

बिजौलियां (घनश्याम पाराशर)।कस्बे में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। मीणा छात्रावास के पास स्थित एक मकान का ताला तोड़कर तीन अज्ञात चोर कमरे में घुस गए और पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे चांदी के पायजेब, सोने के झुमके और नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना बुधवार दोपहर की है।

मकान मालिक नरेश तेली ने पुलिस में रिपोर्ट देकर बताया कि तीन अज्ञात व्यक्ति उसके मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे चांदी के पायजेब करीब 100 ग्राम, सोने की झुमकियां दो जोड़ी करीब 20 ग्राम और 20 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए।

चोरों ने कमरे में रखे कपड़े और अन्य सामान को बिखेर दिया। वारदात के दौरान पास स्थित छात्रावास के कुछ युवकों ने चोरों को देख लिया और उनका पीछा किया, लेकिन चोर मौका पाकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि तीनों चोर मोटरसाइकिल से आए थे। उनके पास काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल थी, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी।

एसएचओ  स्वागत पांड्या बताया कि  पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आस पास लगे सीसीटीवी कैमरो से फुटेज खंगाले जा रहे हैं।