📰 पूरी खबर:
नीमच। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार, 20 जून को गोमाबाई नेत्रालय परिसर में ब्रह्माकुमारी संस्थान के सहयोग से मानसिक स्वास्थ्य, योग, ध्यान एवं तनाव प्रबंधन विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया।
प्रबंधन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ब्रह्माकुमारी आश्रम से पधारीं बी.के. श्रुति दीदी एवं बी.के. सविता दीदी ने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को ध्यान (मेडिटेशन) के माध्यम से मानसिक शांति, सकारात्मक सोच एवं तनाव नियंत्रण के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान एवं मानसिक योग (राजयोग) से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा कार्यक्षमता, एकाग्रता एवं सकारात्मकता में वृद्धि होती है।
सत्र के दौरान दीदियों ने दैनिक जीवन एवं कार्यस्थल पर अपनाए जा सकने वाले “मेंटल योग” के सरल उपाय भी बताए। उन्होंने कहा कि कुछ मिनट सकारात्मक चिंतन, गहरी श्वास, स्वयं के लिए शांत समय तथा सकारात्मक संकल्पों का अभ्यास मन को प्रसन्न रखने, तनाव कम करने एवं विचारों पर नियंत्रण विकसित करने में सहायक होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने ध्यान अभ्यास में भाग लिया तथा योग एवं मेडिटेशन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में गोमाबाई नेत्रालय प्रबंधन, चिकित्सकगण एवं समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों एवं चिकित्सकों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा उन्हें तनावमुक्त एवं सकारात्मक कार्य वातावरण प्रदान करना था।