📰 पूरी खबर:
भोपाल । मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। कई शहरों में तापमान उछलकर 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं अभी इससे राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिनों तक गर्म हवाएं इसी तरह झुलसाएंगी।
मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 अप्रैल को प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी है। रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, खरगोन, खंडवा, सीधी, सिंगरौली, मंडला और बालाघाट सीधा इसकी चपेट में आएंगे इसके अलावा बड़े शहर जैसे इंदौर, उज्जैन और भोपाल में भी गर्म हवाएं चलेंगी। 15 अप्रैल से नया मौसम सिस्टम एक्टिव होने जा रहा है, लेकिन इसके कमजोर होने की वजह से गर्मी कम होने के आसार नहीं हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सिस्टम के बाद तापमान और बढ़ सकता है। यानी प्रदेश में ‘हीट वेव’ का लंबा और खतरनाक दौर शुरू होने वाला है।
नया सिस्टम एक्टिव होगा, लेकिन असर नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को नया सिस्टम एक्टिव हुआ है, लेकिन यह कमजोर रहेगा। इसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में ही दिखाई देगा। यानी, अब प्रदेश में तेज गर्मी वाला दौर ही रहेगा। गर्मी बढऩे से लोग उससे बचने के तरीके भी तलाश रहे हैं। कोई मुंह पर कपड़ा बांधकर घर से बाहर निकल रहा है तो कोई गन्ने का ज्यूस, कोल्ड्रिंक्स, आइस्क्रीम का लुत्फ उठा रहा है। गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवाइजरी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहे। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।