📰 पूरी खबर:
भोपाल । मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ये परिणाम जारी किया। इस बार का रिजल्ट पिछले कई वर्षों में सबसे बेहतर माना जा रहा है। कुल पास प्रतिशत 76.01 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल की तुलना में 1.53 प्रतिशत अधिक है। इस बढ़ोतरी के साथ छात्रों के प्रदर्शन में सुधार देखने को मिला है।
एमपी बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 में पिछले साल की तुलना में सभी श्रेणियों में सुधार देखने को मिला है। यह रिजल्ट पिछले 16 वर्षों में सबसे अच्छा प्रदर्शन माना जा रहा है। नियमित परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 2025 में 74.48 प्रतिशत था जो 2026 में बढक़र 76.01 प्रतिशत हो गया। इसी तरह नियमित छात्रों का प्रतिशत 71.37 प्रतिशत से बढक़र 72.39 प्रतिशत और छात्राओं का 77.55 प्रतिशत से बढक़र 79.41 प्रतिशत हो गया है। स्वाध्यायी परीक्षार्थियों में भी अच्छा सुधार देखने को मिला है, जहां कुल प्रतिशत 26.48 प्रतिशत से बढक़र 30.60 प्रतिशत पहुंच गया। छात्रों और छात्राओं दोनों के प्रदर्शन में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे साफ है कि इस साल रिजल्ट पिछले साल से बेहतर रहा।
एमपी बोर्ड 12वीं के टॉपर्स
एमपी बोर्ड 12वीं टॉपर लिस्ट 2026 में इस बार वाणिज्य संकाय की दो छात्राएं संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहीं, जिनमें चांदनी विश्वकर्मा और कुमारी खुशी राय शामिल हैं, दोनों ने 500 में से 494 अंक प्राप्त कर टॉप किया। दूसरे स्थान पर विज्ञान (गणित) संकाय के श्लोक प्रजापति रहे जिन्होंने 493 अंक हासिल किए, जबकि तीसरे स्थान पर जीव विज्ञान संकाय की तन्वी कुमावत रहीं जिन्होंने 492 अंक प्राप्त किए, इस तरह इस वर्ष टॉपर्स की सूची में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया।
भोपाल की चांदनी और खुशी रहीं पहले पायदान पर
बारहवीं के तीनों संकाय की अगर हम बात करें तो वाणिज्य संकाय में छात्राओं का जलवा रहा। टॉप थ्री में भी छात्राएं काबिज रहीं। पहले स्थान की अगर हम बात करें तो भोपाल की चांदनी विश्वकर्मा और भोपाल की खुशी राय ने सर्वाधिक 500 में से 494 अंक प्राप्त किए। वहीं दूसरे स्थान पर ग्वालियर की मनु शुक्ला और राजगढ़ से आर्ची और खुशबू ने 500 में से 489 अंक हासिल किए हैं। तीसरे स्थान की बात करे तो इस बार छह टॉपर तीसरे स्थान पर काबिज रहे इनमें मुरैना की श्रुति, दमोह की छवि, रीवा की सानिया, रतलाम की सृष्टि, भोपाल की रोशनी और छिंदवाड़ा की दीपाली सोनी ने 500 में से 488 अंक हासिल कर अपने जिले के साथ अपने मां-बाप का नाम रोशन किया है।