📰 पूरी खबर:


नीमच.म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा जनजातीय गौरव दिवस, धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा अमर रहें के साथ उनकी जन्म जयंती के अवसर पर विकासखण्ड स्तरीय व्याख्यानमाला व रैली का आयोजन स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच में किया गया।
मुख्य अतिथि संघ के समरसता प्रमुख श्री अमित अरविंदेकर, प्रो. डॉ. संजय जोशी एवं जिला समन्वयक श्री नवनीत रत्नाकर ने भगवान बिरसा मुण्डा के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जिला समन्वयक नवनीत रत्नाकर ने स्वागत उद्बोधन देकर व्याख्यानमाला आयोजन के उद्देश्य एवं महत्व से सभी को अवगत कराया। परामर्शदाता विनोद राठौर एवं सामाजिक कार्यकर्ता नितीन सक्सेना ने अतिथियों का स्वागत किया।
श्री अमित अरविंदेकर ने अपने उद्बोधन में विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से बताया कि विभिन्न धर्मों, संप्रदायों में समय-समय पर विभिन्न महापुरुषों ने मानव जाति के कल्याण के लिए जन्म लिया। जब-जब धरती पर अधर्म एवं अत्याचार बढ़ते हैं, तब भगवान धरती पर अवतार लेते हैं, ऐसे ही एक अवतार भगवान बिरसा मुण्डा भी हुए हैं, जिन्होंने न सिर्फ जनजातीय बल्कि संपूर्ण मानव समाज के कल्याण एवं अंग्रेजों के अत्याचारों से सभी की मुक्ति के लिए अपना बलिदान दिया है।जनजातीय समाज हमारा हमेशा से ही सहयोगी रहा है। प्रकृति का संरक्षण, औषधियों के ज्ञान का भंडार, वनांचल का संरक्षण इन्हीं की वजह से है, जो हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। कई बुरी ताकतों ने अपने स्वार्थ के लिए हमारे समाज को जनजातीय समाज से हमेशा अलग करने की कोशिश की है, हमारी संस्कृति को तोड़ने की कोशिश की है, परंतु बिरसा मुण्डा जैसे देवदूतों ने उनके इन बुरे इरादों को खत्म करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
प्रो. डॉ. संजय जोशी ने कहा कि बिरसा मुण्डा ने हमारे जन, जंगल, जमीन के संरक्षण के लिए जो कार्य किया है वह अमूल्य है। बिरसा मुण्डा औषधियों के बड़े ज्ञाता थे, वे लोगों के रोगों को जंगल की औषधियों से दूर कर देते थे। उन्होंने न केवल औषधियों से ही नहीं बल्कि अंग्रेजों की गुलामी से भी लोगों को मुक्त करने में अपना सर्वस्व त्याग दिया है। अंग्रेज बिरसा मुण्डा को देखते ही घबरा जाते थे, परंतु अंग्रेजों ने षड्यंत्र पूर्वक हमारे जनजातीय भगवान बिरसा मुण्डा को बंदी बना लिया था, अन्यथा वे कभी अंग्रेजों के हाथों में नहीं आते।बिरसा मुण्डा, एक अकेले व्यक्ति ने लोगों को जोड़ा और बताया कि त्याग और संघर्ष के बिना जीवन में कभी सफलता नहीं मिलती है। मेरा नहीं, हम की भावना से हमें समाज के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए, तभी समाज में एकजुटता रहती है।
कार्यक्रम का संचालन पवन कुमरावत ने किया एवं आभार परामर्शदाता दीपक नागदा ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।