📰 पूरी खबर:
नीमच। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, म.प्र. शासन) की संवाद योजना अंतर्गत नवांकुर संस्थाओं एवं विकासखण्ड समन्वयकों की जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक जिला कार्यालय, जिला पंचायत नीमच में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संभाग समन्वयक उज्जैन श्री शिव प्रसाद मालवीय ने की। बैठक का शुभारंभ जिला समन्वयक श्री नवनीत रत्नाकर द्वारा बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए किया गया। उन्होंने विगत माह में जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों, कार्यक्रमों एवं अभियानों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
*बैठक में की गई प्रमुख समीक्षा:* राज्यकार्यालय भोपाल से टॉस्क मैनेजर सुश्री सुनिता गुप्ता ने ऑनलाईन जुडकर नवांकुर संस्थाओं से उनके कार्यो व सेक्टर स्तरीय प्रशिक्षण की समीक्षा की गयी एवं आवश्यक निर्देश दिये गये। नवांकुर संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण एवं परामर्शदात्री गतिविधियों की प्रगति व ग्राम स्तर पर किये गये सामाजिक कार्यों, पर्यावरण व जल संरक्षण अभियानों की समीक्षा, परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम, शासन की समसामयिक लोक कल्याणकारी योजनाओं का जन-जन तक प्रचार-प्रसार। परिषद के मोबाईल ऐप एवं एमआईएस पोर्टल पर विकासखण्ड समन्वयकों एवं नवांकुर संस्थाओं द्वारा नियमित जानकारी अपलोड करने की स्थिति की समीक्षा की गयी।
*आगामी माह की कार्ययोजना:* संभाग समन्वयक श्री मालवीय द्वारा आगामी माह में जल संरक्षण एवं संवर्धन हेतु बोरी बंधान के व्यापक अभियान, वृक्षारोपण की कार्ययोजना पर विशेष मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विकासखण्डों में जनभागीदारी से जल संचय के कार्य प्राथमिकता से कराये जायें तथा प्रत्येक गतिविधि को पोर्टल पर समय-सीमा में दर्ज किया जाये। उन्होंने कहा कि नवांकुर संस्थायें शासन और समाज के बीच सेतु का कार्य करती हैं, अतः उनके कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता लाना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में कार्यों को और अधिक बेहतर, प्रभावी एवं परिणाममूलक तरीके से करने हेतु आवश्यक सुझाव भी दिये गये।
बैठक में विकासखण्ड समन्वयक श्री महेन्द्र पाल सिंह भाटी, श्री शिव शंकर शर्मा सहित जिले की समस्त नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।