📰 पूरी खबर:
उदयपुर.बस स्टैंड का निर्माण अब पीपीपी मॉडल की जगह उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) कराएगा। प्रस्तावित योजना के मुताबिक भूतल पर बस स्टैंड, वर्कशॉप और सीमित व्यावसायिक क्षेत्र होगा, जबकि ऊपरी मंजिलों पर रोडवेज कर्मचारियों के दफ्तर और व्यावसायिक गतिविधियां होंगी। व्यावसायिक हिस्सा 20 से 30 साल के लिए किराए, लाइसेंस या लीज पर देकर निर्माण का खर्च निकाला जाएगा। बसों का संचालन रोडवेज के पास ही रहेगा।
सोमवार को परिवहन विभाग के प्रमुख शासन सचिव और रोडवेज अध्यक्ष भवानी सिंह देथा ने बस स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने एसी प्रतीक्षालय महिला यात्रियों के लिए खोलने और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। देथा के मुताबिक पुनर्निर्माण का काम 5-6 महीने में शुरू हो जाएगा।
UDA को 45 से 60 दिन में प्रारूप प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करनी है, इसके बाद मंजूरी की प्रक्रिया पूरी होगी।