📰 पूरी खबर:
*चीताखेड़ा।* लोक देवता बाबा रामदेव जी के मेले के अवसर पर रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों की टोलियों और बाबा की सवारी (बेवाण) का नगर में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।
रेगर समाज मोहल्ले में स्थित बाबा रामदेव मंदिर से परंपरागत अनुसार बाबा रामदेव जी की फूलों से सजी झांकी निकाली गई। हाथों में पंचरंगी निशान ध्वज लिए श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए मुख्य बाजार से होते हुए आगे बढ़े। इस दौरान *"जय बाबा री"* के जयकारों से पूरा बाजार गूंज उठा।
श्रद्धालु नंगे पैर हाथों में ध्वज लिए गांव के मुख्य मार्ग से होते हुए बस स्टैंड स्थित रेगर धर्मशाला पहुंचे, जहां समाजजनों द्वारा विभिन्न आयोजन कर समापन अवसर पर प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी एवं युवा उपस्थित रहे।