📰 पूरी खबर:
मनासा |मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला नीमच द्वारा जिले में संचालित बिना अनुमति एवं अनियमित पैथोलॉजी लैब के विरुद्ध की जा रही कार्यवाही के अनुक्रम में आज दिनांक 08 सितम्बर 2026 को डा. साजिद अंसारी खण्ड चिकित्सा अधिकारी, मनासा द्वारा स्वास्थ्य विभागीय दल के साथ रामपुरा चामुंडा माता मंदिर के पास, स्थित एस.आर. लैब का निरीक्षण एवं जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान लैब में उपलब्ध दस्तावेजों, संचालन संबंधी अभिलेखों एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं का नियमानुसार परीक्षण किया गया। जांच के दौरान संस्था के संचालक के पास लैब संचालन संबंधी आवश्यक अनुमति एवं पंजीयन उपलब्ध नहीं पाया गया। कार्यवाही के दौरान संस्था के संचालनकर्ता से दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, किंतु वे मौके पर
उपस्थित नहीं हुए। जांच के दौरान पाई गई अनियमितताओं के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही करते
हुए एस.आर. लैब को सील किया गया। उक्त कार्यवाही के दौरान प्रशासनिक समन्वय एवं कानून-व्यवस्था की दृष्टि से राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग रामपुरा के अधिकारी/कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित रहे तथा कार्यवाही में आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी मनासा ने बताया कि जिले में बिना वैध अनुमति / पंजीयन अथवा निर्धारित नियमों एवं मापदण्डों का पालन किए बिना संचालित होने वाली पैथोलॉजी लैब एवं अन्य संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि पैथोलॉजी जांच करवाते समय केवल वैध रूप से पंजीकृत एवं अधिकृत जांच केन्द्रों का ही उपयोग करें तथा किसी भी अवैध अथवा अनधिकृत पैथोलॉजी लैब की जानकारी संबंधित स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराएं।