📰 पूरी खबर:

नीमच। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ 9 सितंबर से होगा। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के आंगनवाड़ी केन्द्रों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर विभिन्न पोषण जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है। इसके तहत आंगनवाड़ी केन्द्रों को बच्चों एवं महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक बाल विकास के प्रमुख केन्द्र के रूप में सुदृढ़ करने पर जोर दिया जाएगा।पोषण माह के दौरान संतुलित एवं पोषण विविधता वाले आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। स्थानीय खाद्य पदार्थों, मोटे अनाज, दाल, हरी सब्जियों, मौसमी फलों एवं प्रोटीनयुक्त आहार के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। आंगनवाड़ी केन्द्रों पर पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शन, पोषण मेले तथा गर्म पके भोजन की गुणवत्ता एवं विविधता संबंधी गतिविधियां होंगी।0 से 3 वर्ष के बच्चों के विकासात्मक पड़ावों की पहचान तथा 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों पर विशेष ध्यान रहेगा। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के साथ पात्र महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा। जनप्रतिनिधियों, पंचायतों, स्व-सहायता समूहों, अभिभावकों एवं आमजन की सहभागिता से पोषण को जन-आंदोलन बनाने का प्रयास किया जाएगा।