📰 पूरी खबर:
मनासा। ग्राम नलखेड़ा में शासकीय स्कूल एवं अचलपुरा रोड के समीप स्थित तालाब में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव में पहली बार मगरमच्छ देखे जाने से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। मगरमच्छ तालाब में कब और कहां से आया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। गांव के सरपंच प्रतिनिधि कमलेश मोड़ एवं पंच कमलेश शर्मा ने बताया कि मंगलवार को ग्रामीणों को तालाब में मगरमच्छ दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग मनासा को दी गई। वन विभाग द्वारा बुधवार सुबह तालाब में मगरमच्छ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की बात कही गई। ग्रामीणों के अनुसार तालाब शासकीय स्कूल के समीप होने के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। वहीं ग्राम पंचायत ने एहतियात के तौर पर ग्रामीणों से स्कूल के पास स्थित तालाब में गाय, भैंस, भेड़, बकरी सहित अन्य पशुओं को नहीं ले जाने की सूचना जारी की है।मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण सतर्क हैं और वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से पकड़कर तालाब से हटाने की मांग की है।