📰 पूरी खबर:

बिजौलिया। चंपापुर में ड्रग फैक्ट्री मामले में प्रशासन ने शुक्रवार को अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन लगाकर ड्रग फैक्ट्री के रूप में उपयोग किए जा रहे निर्माण को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम की धारा 177 के तहत की जा रही है।

तहसीलदार ललित डीडवानिया ने बताया कि गिरदावर और पटवारी द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है। नियमानुसार कार्रवाई पूरी होने के बाद अवैध निर्माण को पूरी तरह हटाया जाएगा। यहां अवैध गतिविधियां संचालित थी। आगे नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

बता दें कि चंपापुर गांव की पहाड़ियों के बीच संचालित अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ नए तथ्य सामने आ रहे हैं। राजस्व जांच में सामने आया कि जिस स्थान पर ड्रग फैक्ट्री संचालित की जा रही थी, वह जमीन गुढ़ा निवासी एक राजपूत परिवार के नौ खातेदारों के नाम 15 बीघा दर्ज है, जिनमें चार नाबालिग भी शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खातेदारों को इस अवैध गतिविधि और निर्माण की जानकारी नहीं थी।
जांच में यह भी सामने आया कि उक्त भूमि पर भंवर बंजारा नामक व्यक्ति ने अतिक्रमण कर पक्का निर्माण कर रखा था। इसी निर्माण को उसने ड्रग फैक्ट्री संचालित करने वाले आरोपियों को करीब सात हजार रुपए प्रतिमाह किराए पर उपलब्ध कराया था। इसी मकान में पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए 36 किलोग्राम एमडी ड्रग्स समेत ड्रग निर्माण में प्रयुक्त भारी मात्रा में केमिकल और उपकरण जब्त किए थे।