📰 पूरी खबर:
नीमच। जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद अब नीमच के युवा तैराक राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बुधवार को नीमच जिला तैराकी संघ की टीम 54वीं राज्य तैराकी चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिए रीवा रवाना हुई। खिलाड़ियों में राज्य स्तरीय मुकाबलों को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास नजर आया।
जिला तैराकी संघ द्वारा चयनित खिलाड़ियों की टीम को बुधवार को रीवा के लिए रवाना किया गया। 30 मई से 3 जून तक आयोजित होने वाली 54वीं राज्य तैराकी चैम्पियनशिप में प्रदेशभर के तैराक विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले नीमच के खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। रवाना होने से पहले खिलाड़ियों और पदाधिकारियों के बीच उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्रों के दौरान अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया और बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ रीवा के लिए रवाना हुए। प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल, बेक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक और बटरफ्लाई स्ट्रोक सहित विभिन्न स्पर्धाओं में जिले के खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। टीम रवाना होने के दौरान जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी, उपाध्यक्ष प्रकाश मंडवारिया, मोहनसिंह गेहलोत, राकेश बंसल, राजेश वर्मा, संघ सचिव तरुण ओझा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। ज्ञानोदय स्विमिंग एकेडमी के कोच एवं टीम मैनेजर रविंदर कुमार सोनी भी खिलाड़ियों के साथ रीवा रवाना हुए, जो प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन देंगे।