📰 पूरी खबर:
विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए बनेगा तीर्थ
पीक ऑवर्स में तुरंत 2 हज़ार मेगावाट बिजली उपलब्ध कराएगा यह प्रोजेक्ट
बिजली उत्पादन में प्रदेश की लंबी छलांग है यह परियोजना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी जानकारी
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बुधवार (18 नवम्बर) को राज्य मंत्रि-परिषद् की बैठक मंदसौर जिले के गांधीसागर बांध स्थल में होने जा रही है। गांधीसागर में हो रही यह कैबिनेट बैठक हमारी अबतक भोपाल के बाहर हुईं सभी डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठकों में सबसे अलग और प्रभावी कदम है। इससे गांधीसागर को बहुउद्देशीय कारणों से विशिष्ट पहचान मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में डेस्टिनेशन कैबिनेट कर वहां की विरासतों, भौगोलिक विशेषताओं और क्षमताओं को सामने लाने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंगलवार को वे नीमच जिले की मनासा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में (गांधीसागर में होने वाली डेस्टिनेशन कैबिनेट के लिए रवाना होने से पहले) मीडिया से चर्चा में यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बिजली उत्पादन के क्षेत्र में हाइड्रो पावर प्लांट और पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज एक नई तकनीक है। गांधीसागर में निर्मित पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की कुल लागत 11 हजार 474 करोड़ रुपए है। इसके प्रारंभ होने के बाद प्रदेश में बिजली की मांग के पीक ऑवर्स में पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज से 2 हज़ार मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा और मांग के अनुरूप तुरंत बिजली आपूर्ति की जा सकेगी। इससे प्रदेश में चौबीसों घंटे बिजली की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित होगी और इस तरह से उत्पादित बिजली का मूल्य भी सामान्य से लगभग आधा होगा। यह पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना सिर्फ देश का ही नहीं, पूरे एशिया महाद्वीप में अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना मध्यप्रदेश के लिए बिजली उत्पादन के मामले में एक बहुत लंबी छलांग है। इस परियोजना के लोकार्पण के बाद यहां स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को भी भ्रमण के लिए लाया जाएगा, ताकि वे यह सीख सकें कि बिजली इस तरह से ही उत्पादित की जाती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी लगातार नवाचार और जनकल्याण कार्यों को बढ़ावा देते हैं। ऐसे में पानी से बिजली बनाने का यह प्रोजेक्ट विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए किसी तीर्थ से कम नहीं होगा। मध्यप्रदेश प्राकृतिक संसाधनों और पर्यटन संभावनाओं का अद्भुत केंद्र है। उन्होंने कहा कि गांधीसागर अभ्यारण्य में चीता पुर्नवास प्रोजेक्ट भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है। यहां हजारों-लाखों वर्ष पुरानी चट्ठानों एवं शिलाओं पर पुराऐतिहासिक शिलालेख और शैलचित्र भी देखने को मिलते हैं। गांधीसागर क्षेत्र जनजातीय संस्कृति, प्राचीन पुरातात्विक विरासत, जलराशि और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से में राजस्थान की सीमा से लगे गांधीसागर बांध में केज़ कल्चर तकनीक के जरिए बड़ी संख्या में मछुआरे समुदाय के भाई-बहन भी अपनी आजीविका से आय अर्जन कर लाभान्वित हो रहे हैं।
राजधानी भोपाल के बाहर इन स्थानों पर हुईं डेस्टिनेशन कैबिनेट मीटिंग्स
-
03 जनवरी 2024: जबलपुर के शक्ति भवन में मंत्रि-परिषद् की बैठक आयोजित की गई।
-
05 अक्टूबर 2024 : दमोह जिले के सिंग्रामपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के सम्मान में मंत्रि-परिषद् की बैठक की गई।
-
24 जनवरी 2025 : लोकमाता अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर (जिला खरगोन) में मंत्रि-परिषद् की बैठक की गई।
-
20 मई 2025 : लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर इंदौर के राजवाड़ा में मंत्रि-परिषद् की बैठक की गई।
-
03 जून 2025 : नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी के राजभवन में गोंड राजा भभूत सिंह के शौर्य को समर्पित मंत्रि-परिषद् की बैठक की गई।
-
09 दिसम्बर 2025 : बुंदेलखंड के सम्मान में खजुराहो के महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर में मंत्रि-परिषद् की बैठक की गई।
-
02 मार्च 2026 : बड़वानी जिले के जनजातीय बहुल क्षेत्र भीलट बाबा देवस्थल नागलवाड़ी में मंत्रि-परिषद् की बैठक की गई।
-
19 जुलाई 2026 : भोपाल जिले में गोंड रानी कमलापति की कर्मस्थली रहे प्राचीन महल और स्मारक वाले ग्राम जगदीशपुर में मंत्रि-परिषद् की बैठक की गई।
एशिया की सबसे बड़ी परियोजना है गांधीसागर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट
नीमच जिले के गांधीसागर में ग्रीनको ग्रुप द्वारा विकसित की जा रही 1920 मेगावाट भंडारण क्षमता वाली 'गांधीसागर' पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना पर 11500 करोड रुपए का निवेश किया जा रहा है। पूर्ण होने पर इसमें 1920 मेगावाट पूर्ण क्षमता पर लगातार 6 घंटे विद्युत उत्पादन किया जा सकेगा। परियोजना नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक के गांव में स्थापित की जा रही है। परियोजना का निर्माण लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर किया जा रहा है। परियोजना देश और पूरे एशिया में निर्माणाधीन सबसे बड़ी स्वतंत्र 'पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना' है। इसमें दो जलाशय शामिल हैं। निचला जलाशय मौजूदा गांधीसागर जलाशय (कुल क्षमता लगभग 270 TMC/7643.70 MCM) है। परियोजना में गांधीसागर जलाशय से केवल 2.4 TMC (67.66 MCM) पानी का गैर-उपभोक्ता (नॉन-कंज़म्प्टिव) पुनः उपयोग किया जाएगा, यानी पानी की खपत नहीं होगी, बल्कि उसे चक्रिय रूप में बार-बार इस्तेमाल किया जाएगा। पंपिंग मोड (ऊर्जा भंडारण) अन्तर्गत दिन या रात के समय ग्रिड से मिलने वाली अतिरिक्त सौर या पवन ऊर्जा से दो दिशाओं में (आगे-पीछे) चलने वाली मोटरों के ज़रिए पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय में पंप करके संग्रहित किया जाएगा। टरबाइन मोड (बिजली उत्पादन) अन्तर्गत अधिक मांग वाले व्यस्त समय (पीक ऑवर्स) में ऊपरी जलाशय से पानी निचले जलाशय में छोड़ा जाता है, जिससे मोटरें उल्टी दिशा में घूमकर टरबाइन के रूप में आपूर्ति योग्य नवकरणीय (बिजली) पैदा की जाएगी। परियोजना 1920 मेगावाट की पूरी क्षमता पर लगातार 6 घंटे तक बिजली उत्पादन कर सकती है। टरबाइन मोड में इसका रेटेड हेड लगभग 122 मीटर है। परियोजना की राउंड ट्रिप एफीशिएंसी यानी संग्रहित ऊर्जा को वापस देने की क्षमता लगभग 80% रहने का अनुमान है। इसमें कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं, इनसे कुल वार्षिक ऊर्जा उत्पादन क्षमता 3,580 मिलियन यूनिट (MU/Million kWh) होगी। पम्पिंग और उत्पादित बिजली की निकासी के लिए यह परियोजना 60 किमी दूर मंदसौर जिले में स्थित 765/400kV PGCIL/CTU सब स्टेशन से जुड़ी है। दिसंबर 2026 में इस परियोजना के टर्बाइनों के पहले सेट का संचालन शुरू होगा। जून 2027 से पूरी परियोजना का कमर्शियल ऑपरेशंस पूर्ण रूप से शुरू होगा। परियोजना में लगभग 4 हजार लोगों को रोजगार मिला है। संचालन एवं रखरखाव शुरु होने पर इस परियोजना से लगभग 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा।