📰 पूरी खबर:


नीमच। मध्यप्रदेश में विकास की धरातलीय उपलब्धियों को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने और पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ऊर्जा का सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से 18 नवंबर को गांधीसागर क्षेत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। यह बैठक प्रदेश की विकासोन्मुखी भाजपा सरकार की दूरदर्शी सोच, पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता और विकास के नए संकल्पों को रेखांकित करेगी। इससे पूर्व 17 नवम्बर को दोप. 3 बजे कृषि उपज मण्डी मनासा में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव एक विशाल सभा को भी सम्बोधित करेंगे। 
उक्त आशय का बयान जारी करते हुए नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं संपूर्ण मंत्रिमंडल का भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत करने की क्षेत्रवासियों से अपील की है।
विधायक श्री परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ ऊर्जा, उद्योग, सिंचाई और आधारभूत संरचना के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। गांधीसागर में कैबिनेट बैठक का आयोजन इस बात का प्रतीक है कि प्रदेश सरकार विकास को केवल राजधानी तक सीमित नहीं रखकर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की संभावनाओं को भी नई पहचान दे रही है।
उन्होंने कहा कि नीमच जिले के रामपुरा क्षेत्र में तेजी से आकार ले रहा ग्रीनको पंप स्टोरेज ऊर्जा प्रोजेक्ट प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। मार्च 2027 में प्रस्तावित इस परियोजना के शुभारंभ से प्रदेश को 1920 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने की क्षमता विकसित होगी। यह परियोजना विशेष रूप से पीक आवर्स में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने तथा ऊर्जा आपूर्ति को अधिक मजबूत और संतुलित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
श्री परिहार ने कहा कि मध्यप्रदेश बिजली उत्पादन के क्षेत्र में पहले ही आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत स्थिति बना चुका है, लेकिन ग्रीनको जैसी विशाल परियोजनाओं से ऊर्जा भंडारण और आवश्यकता के समय बिजली उपलब्ध कराने की क्षमता को नई मजबूती मिलेगी। यह परियोजना आधुनिक तकनीक, जल ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल विकास के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी।
विधायक परिहार ने कहा कि गांधीसागर जैसे प्राकृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित करना पूरे मालवा-मेवाड़ अंचल के लिए गौरव और उत्साह का विषय है। इससे क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं, प्राकृतिक संपदा और विकास की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
अंत में विधायक श्री परिहार ने समस्त क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अपील की कि जननायक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश मंत्रिमंडल का आत्मीय, भव्य और ऐतिहासिक स्वागत कर इस गौरवपूर्ण अवसर को यादगार बनाएं।