📰 पूरी खबर:



भोपाल। राजधानी में साइबर ठगों ने होटल बुकिंग के नाम पर फर्जी नंबर से संपर्क कर फरियादी से ओटीपी हासिल कर 72 हजार की चपत लगा दी। वहीं दूसरी घटना में शातिर जालासाज ने युवक को उसका परिचित बताकर जाल में फंसाया और उसके खाते से 90 हजार की रकम उड़ा दी। दोनों मामलों में शिकायत की जॉच के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। 
थाना पुलिस के अनुसार, चुनाभट्टी में रहने वाले शैलेष सक्सेना ने लिखित शिकायत करते हुए बताया की बीती 29 अगस्त को वो भोपाल के एनराइज सयाजी होटल में कमरा बुक करने के लिए ऑनलाइन नंबर सर्च कर रहे थे। गूगल पर होटल सर्च करने के दौरान उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला। उस नंबर पर कॉल करने पर दूसरी और से बातचीत करने वाले ठग ने खुद को होटल बुकिंग से जुड़ा कर्मचारी बताया। फरियादी द्वारा कमरा बुक करने की बात कहने पर आरोपी ने उन्हें व्हाट्सएप पर कमरों की फोटो और जानकारी भेजी। बात तय होने के बाद ठग ने उनसे ऑनलाइन बुकिंग के लिए डेबिट कार्ड से भुगतान करने की बात कही। इस पर फरियादी शैलेष ने उसे अपने कार्ड की जानकारी दे दी। इसके बाद आरोपी ने 10,400 रुपए के ट्रांजेक्शन के नाम पर ओटीपी मांगा। ओटीपी देने के बाद उसने जीएसटी जुड़ने की बात कहकर दोबारा ट्रांजेक्शन किया और फिर ओटीपी मांगा। तीसरी बार ओटीपी मांगने पर शैलेष को शक हो गया जब उन्होंने मैसेज देखे तो पता चला कि उनके खाते से काफी रकम निकाली गई है। पीड़ित ने फौरन ही अपना कार्ड ब्लॉक कराया, लेकिन तब तक जालसाज ने तीन ट्रांजेक्शन में उनके एकांउट से 72,190 रुपये निकाल लिये थे। उधर आरिफ नगर निवासी फराज खान ने अपनी शिकायत में बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उसे फोन कर खुद को उसका परिचित बताकर झांसे में लिया और 90 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। पुलिस फोन नंबर और उन खातो की जानकारी के आधार पर आगे की जॉच कर रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई है।