📰 पूरी खबर:
नीमच। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के अंतर्गत ग्राम बर्डिया, तहसील मनासा में ग्राम पंचायत परिसर में स्थापित लीगल एड क्लीनिक का आज शुभारंभ किया गया।
ग्राम पंचायत परिसर में स्थापित उक्त लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच श्रीमती शोभना मीणा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणजनों को 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के उद्देश्यों तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेगा ड्राइव का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें विधिक सहायता के साथ-साथ विभिन्न शासकीय एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणजनों की विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा की गई तथा पात्र व्यक्तियों से संबंधित योजनाओं एवं अन्य विधिक सहायता के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
मेगा ड्राइव के अंतर्गत ग्राम बर्डिया में आगामी अवधि में घर-घर सर्वे कर पात्र व्यक्तियों को चिन्हित किया जाएगा तथा उन्हें नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर आवश्यक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। लीगल एड क्लीनिक ग्रामीणजनों के लिए स्थानीय स्तर पर निःशुल्क विधिक सलाह, विधिक सहायता एवं योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम होगा।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स श्री कमला शंकर विश्वकर्मा, श्री भारत राम पाटीदार एवं श्री राकेश सिंह परिहार, पटवारी, ग्राम सचिव, सहायक सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।