📰 पूरी खबर:
सरायकेला। सरायकेला थाना अंतर्गत उच्च विद्यालय तितिरबिला में जिला पुलिस द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से थाना प्रभारी विनय कुमार उपस्थित थे।कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के बीच महिला अपराध से संबंधित कानूनी प्रावधानों, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध,महिला सुरक्षा,नशा मुक्ति, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर-1098, डायल-112, साइबर फ्रॉड टोल फ्री नंबर-1930, सड़क सुरक्षा एवं बच्चा चोरी संबंधी अफवाहों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।उन्होंने छात्र-छात्राओं को सतर्क एवं जागरूक रहने, सोशल मीडिया एवं साइबर अपराधों से बचाव करने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया।थाना प्रभारी ने कहा कि आजकल सायबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट जैसे मामले आ रहे हैं जिससे हम जागरूकता के माध्यम से ही अंकुश लगा सकते हैं।थाना प्रभारी ने कहा कि आप छात्र छात्राएं खुद जागरूक होते हुए अपने परिवार और आस पड़ोस को भी जागरूक करें कि मोबाइल में किसी भी अनजान नम्बर पर फोन आये और ओटीपी नम्बर मांगे तो नही देना है। उन्होंने कहा कि अक्सर ऐसी भी घटनाएं होती है कि आपके परिवार के कोई सदस्य बाहर दूसरे शहर में रहते हैं और आपको अनजान नम्बर पर फोन आता है व पैसे का डिमांड करता है तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें क्योंकि यह सायबर अपराधियो के ठगी का नया तरीका है। उन्हें पैसा कतई नही दें अन्यथा आप डिजटल अरेस्ट के शिकार हो जाएंगे।उन्होंने महिला सुरक्षा, नशा पान को लेकर भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे को ना कहें, क्योंकि नशा से परिवार,समाज और देश बर्बाद होता है। मौके पर मुख्य रूप से स्कूल के शिक्षक सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्तित थे।