📰 पूरी खबर:
उदयपुर। शहर के तितरड़ी स्थित वार्ड नंबर 42 के काइन हाउस में पिछले चार दिनों से लगातार आग लगी हुई है। कचरे के लंबे ढेर में लगी आग से उठ रहे धुएं ने आसपास के रहवासियों का जीना मुश्किल कर दिया है। क्षेत्र में फैल रहे धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। कई लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाने की जानकारी भी सामने आई है।
इसी बीच क्षेत्रवासियों ने मोहन सालवी की मृत्यु की सूचना दी है। बताया जा रहा है कि मोहन सालवी पहले से ही दमे की बीमारी से ग्रस्त थे। हालांकि, उनकी मृत्यु का आग से उठने वाले धुएं के कारण होना अभी आधिकारिक रूप से पुष्ट नहीं हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर पारस सिंघवी ने तुरंत प्रभाव से चार से अधिक दमकल वाहनों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
मौके पर वार्ड 42 की पार्षद खुशी गमेती एवं स्थानीय पूर्व उप सरपंच मनोहर सिंह सिसोदिया भी पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई करवाई।
वहीं, इस गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम आयुक्त से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन कॉल रिसीव नहीं हुआ। ऐसे में क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है।
इधर, क्षेत्रवासी भी मौके पर एकत्रित हुए और चेतावनी दी कि यदि आज शाम तक आग और धुएं की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करेंगे। लोगों का कहना है कि लगातार उठ रहे धुएं से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों की मांग है कि आग पर पूरी तरह काबू पाया जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं बनने देने के लिए स्थायी समाधान किया जाए।