📰 पूरी खबर:
महापौर पारस सिंघवी की पहल से वर्षों पुरानी समस्या का त्वरित समाधान, तय समय से पहले पूरी हुई प्रक्रिया
उदयपुर। शहर के बहुप्रतीक्षित शक्तिनगर बॉटलनेक की समस्या के समाधान की दिशा में नगर निगम ने धनतेरस के शुभ अवसर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने शुक्रवार को संबंधित सभी आठ विस्थापित परिवारों को आवंटन पत्र, कब्जा पत्र एवं पट्टे प्रदान किए। इस अवसर पर सभी समाजजनों ने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उल्लेखनीय है कि शक्तिनगर बॉटलनेक की समस्या विगत कई समय से लंबित थी। इसके समाधान के लिए कुछ समय पूर्व महापौर पारस सिंघवी की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में संबंधित विस्थापित परिवारों के प्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में आपसी सहमति से निर्णय लिया गया था कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं आगामी एक माह में पूरी कर विस्थापित परिवारों को उनके भूखंडों के आवंटन पत्र एवं कब्जा पत्र जारी किए जाएंगे।
महापौर के निर्देश पर एक माह की प्रक्रिया तत्काल हुई पूरी।
महापौर पारस सिंघवी ने इस प्रकरण को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। महापौर के निर्देश पर नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए निर्धारित एक माह की अवधि का इंतजार किए बिना ही सभी आठ विस्थापित परिवारों को आवंटन पत्र, कब्जा एवं पट्टे जारी कर दिए। इससे वर्षों से लंबित इस प्रकरण का महत्वपूर्ण प्रशासनिक समाधान संभव हो सका।
इस अवसर पर निगम उपायुक्त हरि सिंह देवल, उपनगर नियोजक सिराजुद्दीन, सहायक नगर नियोजक शुचिता कोठारी, क्षेत्रीय पार्षद एवं इस पूरे प्रकरण के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विजय आहूजा, नगर निगम सहायक प्रशासनिक अधिकारी गौतम यादव, राजेश जैन एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
समाजजनों ने जताया महापौर का आभार।
आवंटन पत्र एवं पट्टे प्राप्त होने पर सभी आठों विस्थापित परिवारों एवं उपस्थित समाजजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर पारस सिंघवी का हार्दिक आभार जताया। उन्होंने कहा कि महापौर की सकारात्मक पहल, संवेदनशीलता और निगम अधिकारियों की तत्परता से वर्षों से लंबित समस्या का समाधान संभव हो पाया है।शक्तिनगर बॉटलनेक के समाधान से शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर बहुत बड़ा काम होगा। यह कार्य वर्तमान में प्रगतिरत है। शहरवासियों को लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या से राहत मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा। महापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट किया कि नगर निगम का प्रयास है कि इस महत्वपूर्ण विकास कार्य को शीघ्र पूरा कर शहरवासियों को राहत प्रदान की जाए।
आठों विस्थापित परिवारों को मिले आवंटन पत्र एवं पट्टे।
शक्तिनगर बॉटलनेक से प्रभावित आठ विस्थापित परिवारों के प्रतिनिधि सुनील कालरा, पुरुषोत्तम लीलानी, ओमप्रकाश डोडेजा, संजय पाहूजा, स्वरूप विनोद तुलसीजा, नन्दलाल बुद्धराज, मनोज कालरा एवं सुजाता कालरा को महापौर पारस सिंघवी द्वारा आवंटन पत्र, कब्जा पत्र एवं पट्टे प्रदान किए गए। सभी आठों परिवारों एवं उपस्थित समाजजनों ने इस शुभ दिन पर दस्तावेज प्राप्त होने पर हर्ष व्यक्त किया है।