📰 पूरी खबर:
बिजौलिया( घनश्याम पाराशर). क्षेत्र के उमाजी का खेड़ा पंचायत के अमरनिवास गांव में गुरुवार सुबह खेत पर पानी की मोटर चलाने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की तो वे खेत में मृत अवस्था में मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक छा गया।
जानकारी के अनुसार अमर निवास निवासी मनोज धाकड़ (40) गुरुवार सुबह फसल को पानी देने के लिए खेत पर पानी की मोटर चलाने गए थे। इसके बाद देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने मनोज की तलाश शुरू की। इस दौरान आज सुबह खेत पर पहुंचने पर मनोज मृत अवस्था में मिले। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर उसे बिजौलिया उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। मनोज की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। मौत के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। मृतक के पत्नी और दो बेटे है। फिलहाल शव को मॉर्चुरी में रखवाया है।