📰 पूरी खबर:

नीमच। सेवा सेतु अभियान- ‘सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीरन का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपचाररत मरीजों से चर्चा कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। श्री वैष्णव ने ओपीडी का निरीक्षण कर चिकित्सकों से प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या एवं विभिन्न प्रकार के रोगियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकों की उपस्थिति एवं मरीजों को प्रदान किए जा रहे उपचार की भी जानकारी ली। अस्पताल में उपचार व्यवस्था, स्वच्छता एवं चिकित्सकों की उपलब्धता पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।इसके उपरांत उन्होंने मेडिकल ऑफिसर से अस्पताल में होने वाले प्रसव, उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान मेडिकल ऑफिसर ने अस्पताल में वाहन चालक की आवश्यकता से अवगत कराया। इस पर जिला पंचायत सीईओ ने आवश्यक कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया।उन्होंने अस्पताल में मरीजों के पंजीयन सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। श्री वैष्णव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या अथवा कमी होने पर तत्काल अवगत कराएं, ताकि उसका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।