📰 पूरी खबर:
नीमच.श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में एनसीसी इकाई एवं यूथ रेडक्रॉस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में करियर मार्गदर्शन व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 5 म.प्र. बटालियन एनसीसी, मंदसौर के ए.ओ. कर्नल अक्षत बक्शी ने छात्राओं को एनसीसी के माध्यम से उपलब्ध करियर अवसरों तथा सैन्य सेवाओं में प्रवेश की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
कर्नल बक्शी ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने छात्राओं को सैन्य सेवाओं के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्राओं ने एनसीसी एवं करियर से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका कर्नल बक्शी ने समाधान किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा अपने व्यक्तित्व एवं कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन एनसीसी प्रभारी अधिकारी डॉ. हिना हरित ने किया। उन्होंने अतिथि वक्ता कर्नल अक्षत बक्शी का स्वागत करते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स सहित महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।