📰 पूरी खबर:

 

चित्तौड़गढ़। जिले की बेगूं थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को नाकाबंदी के दौरान दो कारों से 3 किलो 590 ग्राम अफीम दूध एवं 86 किलो 80 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त ग्रांड आई-10 स्पोर्ट्स एवं स्विफ्ट कार को भी जब्त किया है।

पुलिस मुख्यालय जयपुर एवं महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज, उदयपुर द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में एएसपी रावतभाटा गोपालसिंह कानावत के मार्गदर्शन एवं डीएसपी बेंगू अंकित कुड़ी के सुपरविजन तथा थानाधिकारी पुलिस थाना बेगूं चम्पाराम पु.नि. के निर्देश पर गठित पुलिस टीम उप निरीक्षक सीताराम, कानि. सुरेन्द्र, रमेश, विजय, कमलेश, प्रवीण व राजेन्द्रसिंह द्वारा शुक्रवार को चन्दाखेड़ी से जोगणियामाता रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन चैकिंग की जा रही थी।

नाकाबंदी के दौरान दो संदिग्ध वाहन ग्रांड आई-10 स्पोर्ट्स एवं स्विफ्ट कार पुलिस को देखकर तेज गति से भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा दोनों वाहनों का पीछा किया गया। कुछ दूरी पर दोनों वाहन छोड़कर उनके चालक मौके से फरार हो गए।

पुलिस टीम द्वारा दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर उनमें कुल 86 किलो 080 ग्राम डोडाचूरा एवं 3 किलो 590 ग्राम अफीम दूध बरामद हुआ। मादक पदार्थों के अवैध परिवहन में प्रयुक्त दोनों वाहनों को पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया।

फरार आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर तलाश एवं अनुसंधान जारी है।

इस संबंध में पुलिस थाना बेगूं पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया है। प्रकरण में मादक पदार्थों के स्रोत एवं गंतव्य तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है।

जिला पुलिस चित्तौड़गढ़ द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।